सीवान: सिसवन और हसनपुरा में जनता दरबार का आयोजन, जमीनी विवादों का हुआ समाधान!
/// जगत दर्शन न्यूज
सीवान, 24 मई।
जिले के सिसवन और हसनपुरा प्रखंडों में शनिवार को थाना परिसरों में जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भूमि संबंधित विवादों का त्वरित और आपसी सहमति से निपटारा करना रहा।
सिसवन थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में अंचलाधिकारी पंकज कुमार और थानाध्यक्ष की मौजूदगी में जमीनी विवादों सहित कुल चार मामलों की सुनवाई की गई। अंचल कर्मियों के अनुसार, प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से लोगों ने भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराई थीं, जिन पर दोनों पक्षों को नोटिस देकर उपस्थित कराया गया। कागजातों की जांच के आधार पर आपसी सहमति से मामलों का समाधान किया गया। प्रशासन की इस पहल से पीड़ित पक्षों ने राहत की सांस ली और अधिकारियों की सराहना की। कई लंबित मामलों की सुनवाई अगले शनिवार को तय की गई है।
इधर, हसनपुरा प्रखंड के एम एच नगर थाना परिसर में भी जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें भूमि से जुड़े पांच मामलों पर सुनवाई की गई। अंचलाधिकारी ने जानकारी दी कि सभी मामलों में आपसी सहमति से निपटारा किया गया, जिससे विवाद सुलझने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द को भी बल मिला।
जनता दरबारों की यह श्रृंखला प्रशासनिक संवेदनशीलता और न्यायप्रियता का परिचायक बन रही है, जिससे आम नागरिकों को त्वरित न्याय और राहत मिल रही है।