घाघरा नदी पर पुल निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी, रैयतों ने दी सहमति!
सिवान (बिहार): घाघरा नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण को लेकर एक अहम प्रगति हुई है। आज जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, सिवान की अध्यक्षता में दरौली अंचल के सभी 21 रैयतों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य बिहार की ओर से पुल तक पहुंचने के लिए प्रस्तावित पथ निर्माण हेतु सतत लीज पर भूमि अधिग्रहण की संभावनाओं की जांच करना था।
बैठक में सभी रैयतों ने सहमति जताते हुए सतत लीज पर अपनी भूमि उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी। यह सहमति पुल निर्माण कार्य में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिससे परियोजना की प्रक्रिया को गति मिलेगी।
इस अवसर पर पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, अंचलाधिकारी दरौली एवं संबंधित सभी 21 रैयत उपस्थित रहे। अधिकारियों ने रैयतों को आश्वस्त किया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पारदर्शी और विधिसम्मत तरीके से संपन्न की जाएगी।
पुल के निर्माण से न केवल यातायात की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा मिलेगी।