तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार परिवार को मारी टक्कर, महिला की हालत गंभीर!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र के घुरघाट गांव के समीप रविवार को सिसवन-सीवान स्टेट हाईवे पर एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान कचनार गांव निवासी कौशल किशोर वर्मा, उनकी पत्नी अनीता देवी और सात वर्षीय पुत्र वैभव कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, यह परिवार चैनपुर से अपने गांव लौट रहा था, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सिसवन रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं अनीता देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सिवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।