प्रारंभिक परीक्षा संचालन को लेकर अधिकारियों को मिला निर्देश, सिसवन में जनता दरबार में सुनी गईं समस्याएं!
सारण (बिहार): सिवान में कार्यालय परिचारी पद हेतु आयोजित प्रारंभिक परीक्षा के सफल संचालन को लेकर शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक, सिवान ने डॉ. अंबेडकर भवन के संवाद कक्ष में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को संयुक्त रूप से संबोधित किया। इस दौरान परीक्षा के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संचालन हेतु सभी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन बनाए रखने, और समय पर परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने की अपील की। बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सिसवन: जनता दरबार में उठीं स्थानीय समस्याएं
इधर सिसवन अंचल कार्यालय में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय जनता दरबार का आयोजन किया गया। अंचल अधिकारी पंकज कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनसे आवेदन प्राप्त किए। करीब एक दर्जन लोगों ने भूमि विवाद, आवास, राशन और पेंशन जैसी विभिन्न समस्याओं को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं।
अंचल अधिकारी ने संबंधित कर्मियों को समय पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस संबंध में अंचल कर्मियों ने जानकारी दी कि हर शुक्रवार को इस तरह का जनता दरबार आयोजित किया जाएगा, ताकि लोगों को स्थानीय स्तर पर ही न्याय मिल सके।