सारण: वार्ड पार्षद की चाकू मारकर हत्या, तिलकोत्सव के दिन ही पसरा मातम
सारण (बिहार): सारण जिले के मांझी नगर पंचायत क्षेत्र के गोढा गांव में तिलकोत्सव की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब वार्ड संख्या 9 के वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर की चाकूबाजी में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के लिए छपरा ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई। मृतक अशोक ठाकुर के पुत्र थे। इस घटना में उनके चचेरे भाई मुकेश ठाकुर (पुत्र- तारकेश्वर ठाकुर) तथा रितेश ठाकुर (पुत्र- अशोक ठाकुर) भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिनका इलाज छपरा सदर अस्पताल में जारी है।
बताया जाता है कि शनिवार को आयोजित होने वाले तिलकोत्सव की तैयारी में परिवार जुटा हुआ था। घर पर टेंट-पंडाल लग चुका था, मंगलगान चल रहा था और कई रिश्तेदार भी पहुंच चुके थे। इसी बीच शुक्रवार की देर शाम करीब नौ बजे पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान एक पक्ष के तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल मांझी सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों द्वारा घायलों को छपरा ले जाया जा रहा था, तभी रात करीब साढ़े ग्यारह बजे रास्ते में ही वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना अध्यक्ष बिनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल छापेमारी शुरू कर दी। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मृतक अपने तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़े थे। उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
Manjhi Murder News, Saran Crime, Ward Parshad Killing, Bihar Crime News, Chapra Incident

