मांझी के बलिया मोड़ पर वाहन जांच के दौरान पुलिस पर हमला, चार गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: सारण जिले के माँझी थाना क्षेत्र के बलिया मोड़ पर वाहन जांच के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। शुक्रवार की शाम हुई इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त दो बाइक भी जब्त कर ली गई हैं, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
इस संबंध में थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि बलिया मोड़ पर पुलिस अवर निरीक्षक शिव प्रताप सिंह के नेतृत्व में नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही तेज रफ्तार पल्सर बाइक को रोकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने भागने का प्रयास किया। पुलिस बल की तत्परता से उसे पकड़ लिया गया, जिसके बाद स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई।
पकड़े गए दोनों युवकों ने जांच कराने से साफ इनकार कर दिया और धमकी भरे अंदाज में फोन कर अपने दो अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में पहुंचे उनके साथियों के साथ मिलकर चारों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में पुलिस अवर निरीक्षक शिव प्रताप सिंह को हल्की चोटें आईं, जबकि सिपाही ब्रजेश कुमार शर्मा और अमित गिरी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही गश्ती टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने एक पल्सर और एक होंडा शाइन बाइक को भी जब्त कर लिया है, जिन्हें जांच के लिए थाने लाया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के ठेकहा गांव निवासी दुर्गा चौधरी के पुत्र रामबाबू चौधरी और स्वर्गीय बीरबहादुर राय के पुत्र बिकेश कुमार के रूप में हुई है। वहीं अन्य दो आरोपी रेवती थाना क्षेत्र के गोपालनगर गांव निवासी जनक प्रसाद के पुत्र तूफानी प्रसाद और भरत प्रसाद के पुत्र रंजीत प्रसाद बताए गए हैं। इस मामले में पुलिस अवर निरीक्षक शिव प्रताप सिंह के बयान पर माँझी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को शनिवार को न्यायालय भेज दिया गया।
Manjhi news, Saran police attack, Ballia mod incident, Bihar crime news, Police injured case

