नशा मुक्त सारण अभियान में बड़ी कार्रवाई, 306 लीटर शराब जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशा मुक्त सारण” अभियान के तहत रिविलगंज एवं पानापुर थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 306 लीटर अवैध शराब जब्त की गई तथा पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान दो ई-रिक्शा, एक चार चक्का वाहन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
रिविलगंज थाना क्षेत्र में 16 अप्रैल की रात गश्ती के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने नयका बड़का बैजू टोला काली मंदिर के पास दो ई-रिक्शा को पकड़कर उनकी तलाशी ली। इस दौरान 215.96 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई और एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा एक अन्य सूचना पर पुलिस ने मोहब्बत परसा नदी बांध मार्ग पर कार्रवाई करते हुए एक चार चक्का वाहन से गुप्त तहखाने में छिपाकर रखी गई 70.200 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की और तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
इन दोनों मामलों में रिविलगंज थाना कांड संख्या 219/26 एवं 220/26 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
वहीं पानापुर थाना क्षेत्र में 17 अप्रैल को वाहन चेकिंग के दौरान चिन्तामनपुर ढाला के पास एक मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और तलाशी में 20 लीटर देशी शराब बरामद की गई। इस मामले में भी संबंधित अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में गौतम प्रसाद, अमरजीत कुमार, आनंद राज, नितीश कुमार और राजेश गिरी शामिल हैं। सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जाएगा और अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Saran Police Action, Liquor Seizure Bihar, Prohibition Law Bihar, Rivilganj News, Panapur Police

