वार्ड पार्षद हत्या कांड में प्राथमिकी दर्ज, 12 नामजद; राजनीतिक साजिश का आरोप
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी नगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 के वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक के पिता अशोक ठाकुर के लिखित बयान पर मांझी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जिसमें घटना को राजनीतिक कारणों से अंजाम देने का गंभीर आरोप लगाया गया है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि नगर पंचायत की राजनीति से जुड़े एक संभावित प्रत्याशी के समर्थकों द्वारा घटना से दो दिन पहले ही मारपीट और हत्या की धमकी दी गई थी। इतना ही नहीं, मारपीट के बाद एक कथित नेता को फोन कर “काम हो जाने” की बात कहे जाने का भी आरोप लगाया गया है। प्राथमिकी में कुल 12 लोगों को नामजद किया गया है।
इस बीच वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 की रात करीब 11:30 बजे मांझी थाना को दो पड़ोसी पक्षों के बीच विवाद के दौरान चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। घायल वार्ड पार्षद को पहले मांझी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण एवं सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। इस मामले में मांझी थाना कांड संख्या 220/26, दिनांक 25.04.2026 दर्ज कर ली गई है और नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।
इस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है, वहीं परिजनों में आक्रोश और शोक का माहौल कायम है।
Manjhi News, Saran Crime, Ward Parshad Murder, Bihar Politics, FIR Registered

