दीवार प्लास्टर के दौरान राजमिस्त्री की गिरकर मौत, बिजली करंट की आशंका
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव निवासी रामदेव महतो के 25 वर्षीय पुत्र जीतन कुमार की राजमिस्त्री का काम करते समय संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से मौत हो गई। घटना शनिवार को सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के असोइयां गांव में हुई, जहां वे एक मकान की ऊपरी मंजिल पर बाहरी दीवार का प्लास्टर कर रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, जीतन कुमार अन्य मजदूरों के साथ रुस्तम मियां के घर निर्माण कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक वे ऊपर से नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल मढ़ौरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया गया। इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई।
घटना को लेकर यह भी आशंका जताई जा रही है कि गिरने से पहले उन्हें बिजली का करंट लगा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। गृहस्वामी रुस्तम मियां ने बताया कि मजदूरों के गिरने के बाद ही उन्हें जानकारी मिली, ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि करंट लगने से हादसा हुआ या किसी अन्य कारण से वे गिरे। उन्होंने कहा कि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।
बताया गया है कि मृतक के जीजा कुंदन महतो, जो मढ़ौरा थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव के निवासी हैं, इस निर्माण कार्य के ठेकेदार थे। करीब 10-12 मजदूर पिछले पखवाड़े से वहीं रहकर काम कर रहे थे। शनिवार सुबह करीब 7 बजे काम शुरू हुआ था, तभी यह हादसा हो गया।
घटना के बाद मृतक के परिजन छपरा सदर अस्पताल पहुंच गए हैं, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल है।
Manjhi News, Saran Accident, Mason Death, Bihar News, Construction Accident
#Manjhi #SaranNews #Accident #BiharNews #BreakingNews #LocalNews #ConstructionSafety
