///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार):सिसवन प्रखंड के भागर गांव में शुक्रवार को महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया और अपने अनुभवों व विचारों को साझा किया। यह कार्यक्रम न केवल महिलाओं के आत्मविश्वास और सशक्तिकरण का मंच बना, बल्कि उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर सिसवन प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सतत जीविकोपार्जन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई), नल जल योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से वीडियो प्रस्तुतियों द्वारा योजनाओं की जानकारी दी गई, जिससे महिलाओं को इनका लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आत्मनिर्भर होती महिलाओं ने अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को साझा किया और अपनी भविष्य की आकांक्षाओं को भी सामने रखा। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बनकर उभरा, जिसने ग्रामीण महिलाओं को न केवल जानकारी दी, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने का हौसला भी दिया।