दिल्ली में सड़क हादसे में बिहार के चार लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक!
/// जगत दर्शन न्यूज
नई दिल्ली/पटना: राजधानी दिल्ली के द्वारका सेक्टर-23 के पास बुधवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में बिहार के गया जिले के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक टेम्पो, जिसमें 22 मजदूर और उनके परिवार के सदस्य सवार थे, का टायर अचानक फट गया, जिससे वह पलट गया। मृतकों में 26 वर्षीय अजीत, उसकी चार वर्षीय बेटी और तीन वर्षीय एक अन्य बच्ची शामिल है। सभी मृतक बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं।
इस दर्दनाक घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुःखद है और उनके शोक संतप्त परिवारों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति मिले, यही प्रार्थना है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, अन्य विभागों से मिलने वाली अनुमन्य सहायता राशि भी आश्रितों को शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली स्थित स्थानिक आयुक्त को निर्देश दिया है कि वे दिल्ली सरकार से समन्वय स्थापित कर मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके मूल निवास स्थान गया तक पहुंचाने की व्यवस्था करें। साथ ही, घायल लोगों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।