महिला संवाद कार्यक्रम में आत्मनिर्भरता पर हुई चर्चा!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के कचनार पंचायत स्थित गुदरी हता में रविवार को महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिया और अपने विचारों व अनुभवों को साझा किया।
कार्यक्रम में सिसवन के प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर उमेश कुमार तिवारी, सतीश कुमार सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही।
इस दौरान महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इनमें सतत जीविकोपार्जन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई), नल-जल योजना समेत कई योजनाएं शामिल थीं। कार्यक्रम में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से वीडियो प्रस्तुतियों के जरिए योजनाओं की जानकारी दी गई और महिलाओं को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में आत्मनिर्भर हो रही महिलाओं ने अपने जीवन से जुड़े अनुभव साझा किए और बताया कि किस प्रकार सरकारी योजनाओं से उन्हें सामाजिक और आर्थिक मजबूती मिली है। साथ ही उन्होंने अपनी भावी आकांक्षाओं को भी सामने रखा।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ कर आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाना था।