संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ को लेकर जिलाधिकारी ने की आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक!
सभी विभागों को 15 जून तक तैयारी मुकम्मल करने का निर्देश!
छपरा, सारण | 20 मई 2025
जिलाधिकारी श्री अमन समीर की अध्यक्षता में आज संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति से निपटने हेतु एक अहम आपदा प्रबंधन बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में आपदा से पूर्व की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप 15 जून तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बाढ़ संभावित क्षेत्रों में राहत आश्रय स्थल, सामुदायिक रसोई स्थल एवं पशु आश्रय स्थल का निरीक्षण कर संचालन हेतु टीम गठित करने को कहा गया। जिन बाढ़ प्रवण पंचायतों से स्वास्थ्य केंद्र दूर हैं, वहां अस्थाई स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना हेतु स्थल चिन्हित करने का निर्देश भी दिया गया।
सभी अंचल अधिकारियों एवं मेडिकल ऑफिसर इन-चार्ज को बोट एम्बुलेंस की आवश्यकता का आकलन कर त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजन एवं 70 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों की सूची 15 जून तक तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
मानव एवं पशु चिकित्सा हेतु आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने, पशु चारे के दर एवं आपूर्तिकर्ता तय करने और मोबाइल पशु चिकित्सा वैन हेतु स्थल चिन्हित करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रमुख निर्देशों में शामिल हैं:
आपदा संपूर्ति पोर्टल पर सभी प्रभावित परिवारों के अद्यतन आंकड़ों की प्रविष्टि।
बाढ़/कटाव निरोधी सामग्रियों के भंडारण स्थल की सूची संबंधित विभागों से प्राप्त करना।
तटबंधों का संयुक्त निरीक्षण, निगरानी हेतु स्थानीय प्रतिनिधियों की सूची तैयार करना।
सभी स्लुइस गेट की क्रियाशीलता की जाँच।
पुल-पुलियों की सफाई की रिपोर्ट पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग से।
ग्रामीण क्षेत्रों में चापाकल मरम्मती हेतु जनप्रतिनिधियों से सहयोग।
जलस्तर 20 फीट से नीचे वाले पंचायतों पर विशेष निगरानी।
बैठक में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन, आपदा शाखा प्रभारी सहित जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि समय रहते सभी तैयारी पूरी करना अनिवार्य है ताकि आपदा की स्थिति में जनधन की क्षति को न्यूनतम किया जा सके।