गोबरही टोला में ग्रामीणों के सहयोग से ब्रह्मा बाबा स्थान का जीर्णोद्धार, धार्मिक उत्साह का माहौल!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखण्ड के गोबरही पंचायत अंतर्गत गोबरही टोला गांव में ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से ऐतिहासिक 200 वर्ष पुराना ब्रह्मा बाबा स्थान का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। वर्षों से उपेक्षित इस धार्मिक स्थल को फिर से स्थापित करने के लिए गाँव वासियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
स्थानीय समाजसेवी सोनी कौशिक ने बताया कि दो सौ साल पहले ब्रह्म बाबा स्थान पर लगे पीपल का विशाल पेड़ सूख गया था, जिससे ग्रामीणों को गहरी पीड़ा हुई। लेकिन अब सभी के सहयोग से इस स्थान का पुनर्निर्माण किया जा रहा है। हाल ही में नव निर्मित ब्रह्म स्थान का शिलान्यास भी ग्रामीणों की उपस्थिति में विधिवत रूप से सम्पन्न हुआ।
अयोध्या से आए आचार्य ने जानकारी दी कि यह स्थान प्राचीन काल से चमत्कारी माना जाता रहा है। बताया गया कि पूर्व में यहां जो भी रोगी श्रद्धा और भक्ति से पूजा करता था, वह अगली सुबह पूरी तरह स्वस्थ होकर लौट जाता था। इस स्थान को ‘विदेशी ब्रह्म’ के नाम से भी जाना जाता रहा है।
इस धार्मिक अनुष्ठान में ताजपुर फुलवरिया से आए आचार्य सतेंद्र पाठक ने भी पुरातन मान्यताओं व ऐतिहासिक पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। ब्रह्मा बाबा की पूजा-अर्चना के दौरान ग्रामीणों ने गाजे-बाजे के साथ पारंपरिक देवी गीतों का आयोजन किया, जिसमें महिलाओं की विशेष भागीदारी रही।
इस पावन अवसर पर उमेश सिंह, रिंकू सिंह, सेवा निवृत्त शिक्षक देवलाल प्रसाद, माधो सिंह, मनोज गिरी, शेषनाथ गिरी, शिवनाथ यादव, धीरेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह समेत सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में धार्मिक ऊर्जा और एकता का माहौल देखने को मिला।
ग्रामीणों का मानना है कि ब्रह्म बाबा की कृपा से यह स्थल पुनः श्रद्धा और आस्था का केंद्र बनेगा।