राजद की सामाजिक न्याय परिचर्चा: 65% आरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जोर!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बनवार गांव स्थित शिव वाटिका के सभागार में राजद द्वारा सामाजिक न्याय परिचर्चा का आयोजन किया गया।
आयोजित परिचर्चा कार्यक्रम को संबंधित करते हुए मुख्य अतिथि व बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सह सिवान सदर के राजद विधायक अवध बिहारी चौधरी ने कहा कि राजद ने सामाजिक न्याय परिचर्चा के माध्यम से वंचित वर्गो यथा- दलित, महादलित, पिछड़ा, अतिपिछड़ा और अल्पसंख्यक समुदायों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए पार्टी ने 65% आरक्षण की मांग को जोर- शोर से प्रस्तुत किया है, जिससे इन वर्गों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा स्मार्ट मीटर योजना की आलोचना और भ्रष्टाचार के मुद्दों को उठाकर पार्टी ने जनता के समक्ष सरकार की नीतियों पर प्रश्नचिह्न लगाया है। वहीं राज्य के सभी बूथों स्तर पर दो- दो सक्रिय कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की योजना बनाई गई है। इसके साथ ही पार्टी ने तकनीकी माध्यमों जैसे - सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेट फॉर्म और मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग कर युवाओं और शहरी मतदाताओं तक पहुंचने की रणनीति अपनाई है।
वहीं विधान परिषद के पूर्व प्रत्याशी सह मांझी विधानसभा क्षेत्र से संभावित प्रत्याशी सुधांशु रंजन पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि राजद की सामाजिक न्याय परिचर्चा पार्टी की वैचारिक प्रतिबद्धता और संगठनात्मक रणनीति को सुदृढ़ करना वर्तमान समय की मांग है। क्योंकि आने वाले दिनों में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में पार्टी को सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं। हालांकि आंतरिक मतभेदों और विपक्षी दलों की रणनीतियों को ध्यान में रखते हुए पार्टी को सतर्क और संगठित रहना आवश्यक होगा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद ने कई लोकलुभावन घोषणाएं की हैं, जैसे प्रत्येक परिवार को 200 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को ₹2500 मासिक सहायता और वृद्धावस्था पेंशन को ₹1500 तक बढ़ाने का वादा शामिल है। इन घोषणाओं का उद्देश्य सामाजिक न्याय के साथ- साथ आर्थिक सहायता प्रदान करना है, जिससे पार्टी को ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अपार जनसमर्थन मिल सकता है।
परिचर्चा की अध्यक्षता राजद के मांझी प्रखंड अध्यक्ष गुड्डू कुशवाहा फौजी ने किया जबकि मंच संचालन अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मन्नान खान वही धन्यवाद ज्ञापन जलालपुर प्रखंड अध्यक्ष श्रीराम राय ने किया। वक्ताओं में मुख्य रूप से बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सह सिवान सदर के राजद विधायक अवध बिहारी चौधरी, राजद के जिलाध्यक्ष सुनील राय, हथुआ से राजद विधायक राजेश सिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक राजेन्द्र राम, पूर्व विधायक फराज फातमी, युवा राजद के प्रदेश महासचिव शिवेंद्र कुमार तांती, राजू रुद्र यादव, कन्हैया यादव, मुल्तान खान, रास बिहारी शर्मा सहित कई अन्य गणमान्य राजद नेताओं ने सभा को संबोधित किया। मौके पर बड़ी संख्या में राजद के कार्यकर्ता मौजूद थे।