माँझी सीएचसी के प्रभारी डॉ. रोहित कुमार बने बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ के महासचिव!
सारण (बिहार): जिले के माँझी प्रखंड अंतर्गत मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी चिकित्सक पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार को बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ का नया महासचिव चुना गया है। उनके इस चयन से चिकित्सा क्षेत्र में सारण जिला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
डॉ. रोहित कुमार की नियुक्ति पर जिले के चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और जनप्रतिनिधियों में खुशी का माहौल है। सबने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। बताया जा रहा है कि बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ, राज्य भर के सरकारी चिकित्सकों की सबसे प्रभावशाली संस्था है, जो चिकित्सकों के अधिकारों, सेवाओं और हितों के लिए संघर्ष करती है।
डॉ. रोहित कुमार की नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक दक्षता और चिकित्सा क्षेत्र में उनकी निष्ठा को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। मांझी सीएचसी में उनके द्वारा संचालित व्यवस्था और सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता को भी काफी सराहा गया है।
स्वास्थ्यकर्मियों, मीडिया कर्मियों और आमजन में डॉ. रोहित कुमार के संघ के महासचिव बनने की खबर से उत्साह का माहौल है। सोशल मीडिया पर बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई है। स्थानीय स्वास्थ्यकर्मियों का मानना है कि डॉ. रोहित की यह उपलब्धि न केवल जिले, बल्कि पूरे बिहार के चिकित्सा क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन समेत सभी संबंधित विभागों ने डॉ. रोहित को बधाई दी है।