माँ जगदम्बा मंदिर में नई समिति का गठन, पारदर्शिता को लेकर उठी आवाज़!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: माँझी प्रखंड के खानपुर में स्थित माँ जगदम्बा मन्दिर परिसर में पिछले दिनों सम्पन्न श्री शतचंडी महायज्ञ को सफल बनाने हेतु एकत्रित राशि एवम सामग्री को सार्वजनिक किए जाने की माँग तेज हो गई हैं। रविवार को मन्दिर परिसर में मुखिया दीपक मिश्रा के संयोजकत्व में सम्पन्न ग्रामीणों की बैठक में पूर्व की समिति भँग कर नई समिति के गठन की घोषणा की गई। बैठक में ग्रामीणों ने एकस्वर से यज्ञ के लिए एकत्रित राशि एवम सामग्री की जानकारी सार्वजनिक करने की माँग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कथित तौर पर लगभग आधा दर्जन समिति सदस्यों ने चन्दे की लाखों के रकम व सामग्री का वारा न्यारा किया है। सामाजिक स्तर पर इसका कुप्रभाव निश्चित है। वहीं मौके पर मौजूद मुखिया ने कहा कि यदि चन्दे की रकम को सार्वजनिक नही किया गया तो वे समिति सदस्यों के खिलाफ मुकदमा भी करेंगे। उन्होंने बताया कि समिति सदस्यों ने मनमानी करके यज्ञ के उद्देश्य से समाज को दिग्भ्रमित करने का काम किया है।
बैठक में मदन मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, बीरेश मिश्रा, बिपिन माँझी, महेश्वर मिश्रा, अशोक मिश्रा, प्रिन्स पाण्डेय, आदित्य मिश्रा, राजू मिश्रा, अरुण मिश्रा, दिनेश साह, रामायण मिश्रा तथा नवीन तिवारी समेत दर्जनों गणमान्य लोग मौजूद थे।
नवगठित समिति में मदन मिश्रा अध्यक्ष, अशोक मिश्रा सचिव, आदित्य मिश्रा कोषाध्यक्ष, नवीन तिवारी उप कोषाध्यजश, भृगु तिवारी महामंत्री,अरुण मिश्रा उपाध्यक्ष, राजीव रंजन मिश्रा उपाध्यक्ष तथा छठु यादव उप सचिव मनोनीत किये गए।