थाना परिसरों में लगाई गई जनता दरबार में जमीनी विवादों का निपटारा, कई मामलों में बनी आपसी सहमति!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिवान जिले के विभिन्न थाना परिसरों में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में जमीनी विवादों की सुनवाई की गई और कई मामलों में आपसी सहमति से समाधान निकाला गया।
सिसवन: सिसवन थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई की। इस दौरान दो मामलों में दोनों पक्षों की सहमति से विवाद का निपटारा किया गया। थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। अंचल कर्मियों के अनुसार, प्रखंड के विभिन्न गांवों से भूमि विवाद को लेकर आवेदन मिले थे, जिनके आधार पर दोनों पक्षों को नोटिस भेजा गया था।
हसनपुरा: एम एच नगर थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में हसनपुरा अंचलाधिकारी की अध्यक्षता में चार भूमि विवाद मामलों पर सुनवाई की गई। सभी मामलों में कागजातों की जांच और पक्षों की सहमति के आधार पर समाधान निकाला गया।
रघुनाथपुर: रघुनाथपुर थाना परिसर में भी जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें भूमि विवाद से संबंधित चार मामलों की सुनवाई हुई। अंचल कर्मियों ने बताया कि विभिन्न गांवों से प्राप्त आवेदनों के आधार पर इन मामलों को दरबार में रखा गया और आपसी सहमति से निपटारा किया गया।
प्रशासन की इस पहल को लोगों ने सराहा और उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजन नियमित रूप से होते रहेंगे, जिससे अदालतों का बोझ भी कम होगा और आम जनता को त्वरित न्याय मिलेगा।