सिवान जिले के विभिन्न थाना परिसरों में लगा जनता दरबार, भूमि विवादों का हुआ समाधान!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिवान जिले के सिसवन, रघुनाथपुर और हसनपुरा प्रखंड के विभिन्न थाना परिसरों में शनिवार को भूमि विवादों के निपटारे हेतु जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को थाना स्तर पर ही न्याय दिलाना और जमीन से संबंधित लम्बित मामलों का शीघ्र समाधान करना है।
सिसवन में हुआ विवाद का शांतिपूर्ण निपटारा
सिसवन थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में सिसवन अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने भूमि विवाद के एक मामले का आपसी सहमति से निपटारा किया और तीन अन्य मामलों पर सुनवाई की। इस दौरान थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। अंचल कर्मियों ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से जमीन से जुड़े विवादों को लेकर कई आवेदन प्राप्त हुए थे, जिन पर वादी-प्रतिवादी दोनों पक्षों को नोटिस कर बुलाया गया था।
रघुनाथपुर में 6 मामलों पर सुनवाई
रघुनाथपुर थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में कुल छह जमीनी विवादों पर सुनवाई की गई। अंचल कर्मियों ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र से प्राप्त आवेदनों के आधार पर यह दरबार लगाया गया, जिसमें कई मामलों में आपसी सहमति बनाकर समाधान की दिशा में कदम उठाए गए।
हसनपुरा में भी हुआ विवादों का समाधान
हसनपुरा प्रखंड के एम एच नगर थाना परिसर में अंचलाधिकारी द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें भूमि से जुड़े कुल छह मामलों की सुनवाई की गई। सभी मामलों में दस्तावेजों के आधार पर जांच की गई और आपसी सहमति के माध्यम से समाधान की प्रक्रिया पूरी की गई।
स्थानीय प्रशासन की पहल से लोगों में संतोष
जनता दरबारों के आयोजन से लोगों को स्थानीय स्तर पर समाधान मिलने की आशा जगी है। इन आयोजनों में प्रशासन की तत्परता और निष्पक्षता की सराहना की जा रही है। इससे आम जनता का भरोसा भी प्रशासन पर मजबूत हुआ है।