सारण पुलिस की अपराध गोष्ठी का आयोजन, दिया गया सख्त दिशा-निर्देश
सारण (बिहार): सारण जिला में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता सारण के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री गुप्तेश्वर पांडेय ने की, जिसमें क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों, थानाध्यक्षों, पुलिस निरीक्षकों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और जनता से बेहतर संवाद के लिए सख्त निर्देश दिए गए। पुलिस को Citizen Centric Policing की भावना के अनुरूप कार्य करने और आमजन की शिकायतों का त्वरित निपटारा करने को कहा गया।
प्रमुख निर्देशों में शामिल हैं:
असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध अभियान चलाना।
वाहन चोर गिरोह, भूमि विवाद, शराब माफिया और घरेलू हिंसा से संबंधित मामलों में शीघ्र कार्रवाई।
शनिवार को थाने में भूमि विवाद निपटान बैठक का आयोजन।
Know Your Police और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करना।
हर रविवार दोपहर 12 से 2 बजे तक गुंडा परेड का आयोजन।
पुलिस पर हमले के मामलों में कठोर सजा हेतु स्पीडी ट्रायल की प्रक्रिया।
पासपोर्ट व चरित्र सत्यापन आवेदनों का समयबद्ध निपटारा।
सभी केसों में वारंट की तामिला और जमानत रद्द करने वालों पर कुर्की की कार्रवाई।
विशेष उपलब्धियां भी साझा की गईं:
बैठक में बताया गया कि मार्च माह में विशेष अभियान के तहत कुल 1353 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इसमें हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, शराब माफिया, पुलिस पर हमला, आर्म्स एक्ट, एससी/एसटी एक्ट, मानव तस्करी, चोरी, रंगदारी और कई संगीन मामलों के आरोपी शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्षों को शांति व्यवस्था बनाए रखने, गश्ती में तेजी लाने और आमजन से मित्रवत व्यवहार रखने के निर्देश दिए। साथ ही अपराध नियंत्रण में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।