जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने की भूमि विवाद मामलों की सुनवाई!
सारण (बिहार): सारण जिले में भूमि विवाद से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री अमन समीर एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष द्वारा आज माह के प्रथम शुक्रवार को भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों की संयुक्त रूप से सुनवाई की गई।
इस दौरान कुल 18 आवेदकों द्वारा भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 आवेदक सुनवाई में उपस्थित रहे। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, उप समाहर्त्ता, भूमि सुधार पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्षों के साथ मामलों की गहन समीक्षा की।
बैठक में सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने और भूमि विवाद से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने के निर्देश दिए गए। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि भूमि विवाद के कारण किसी भी तरह की विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो और मामलों का समाधान नियमानुसार त्वरित रूप से किया जाए।