रामनवमी को लेकर चैनपुर में पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च!
सिवान (बिहार): रामनवमी के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए बुधवार को सिसवन प्रखंड के चैनपुर में पुलिस प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च चैनपुर थाना से शुरू होकर चैनपुर-सिवान रोड होते हुए पुनः थाना परिसर में समाप्त हुआ।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व चैनपुर थाना अध्यक्ष ने किया। उन्होंने कहा कि रामनवमी के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह मार्च निकाला गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की हुड़दंगबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस की कड़ी नजर असामाजिक तत्वों पर बनी हुई है, और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। वहीं, पुलिस के फ्लैग मार्च से स्थानीय लोगों में हलचल देखी गई। प्रशासन ने आम जनता से शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की।