खुटकढ़वां गांव की रिशा रानी बनीं आईएएस, पहली ही कोशिश में रचा इतिहास!
सारण (बिहार): मांझी प्रखंड के नसीरा पंचायत अंतर्गत खुटकढ़वां गांव की बेटी रिशा रानी ने यूपीएससी की मुख्य परीक्षा में सफलता हासिल कर गांव, क्षेत्र और पूरे सारण जिले का नाम रौशन किया है। रिशा की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे गांव में हर्ष और उल्लास का माहौल है।
रिशा रानी, गांव निवासी राज किशोर ठाकुर की पोती तथा रामानंद ठाकुर और इंदुबाला देवी की पुत्री हैं। दो बहन और एक भाई में सबसे बड़ी रिशा ने दिल्ली में रहकर अपनी पढ़ाई पूरी की। उनके पिता रामानंद ठाकुर पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं, जबकि मां इंदुबाला देवी एक सफल गृहिणी हैं। छोटी बहन निशा रानी सीए फाइनल की पढ़ाई कर रही हैं और भाई रजत ठाकुर भी सीए की तैयारी में जुटे हैं।
रिशा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा हैप्पी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए प्रोग्राम ऑनर्स और एलएलबी की डिग्री हासिल की। उच्च शिक्षा के पश्चात उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू की और पहले ही प्रयास में आईएएस बनने का सपना साकार कर दिखाया।
रिशा की इस उपलब्धि पर गांव के लोगों में गर्व की लहर दौड़ गई है। दादाजी राज किशोर ठाकुर और फुआ कौशल्या देवी ने भावुक होकर कहा कि रिशा ने पूरे परिवार का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
गांव के गणमान्य लोगों जैसे तारकेश्वर ठाकुर, अखिलेश ठाकुर, बीरेन्द्र उपाध्याय, बीरबल प्रसाद गुप्ता, जगत नारायण प्रसाद, रामजी साह, जवाहिर प्रसाद साह, रामबाबू पांडेय, रमेश कुमार चौरसिया आदि ने भी रिशा को बधाई दी और इसे गांव की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
वहीं मुखिया प्रतिनिधि उदय सागर राम, रालोमो नेता ओमप्रकाश कुशवाहा, राजद नेता गुड्डू कुशवाहा फौजी, शंकर ठाकुर समेत अनेक राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी रिशा की सफलता पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।