सिसवन में जीविका द्वारा महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन, आत्मनिर्भरता की दिशा में महिलाओं की मजबूत पहल!
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में बुधवार को जीविका महिला ग्राम संगठन के तत्वावधान में महिला संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण योजनाओं से अवगत कराना तथा उनके अनुभवों को साझा करने का मंच देना था।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने बताया कि किस तरह राज्य सरकार की योजनाओं से वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं। जीविका दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि जीविका से जुड़ने के बाद उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति में कितना बदलाव आया है।
कार्यक्रम में एक विशेष पहल के तहत LED स्क्रीन के माध्यम से वीडियो प्रदर्शन किया गया, जिसमें राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। इन योजनाओं में स्वयं सहायता समूह, स्वरोजगार, वित्तीय साक्षरता और महिला उद्यमिता से संबंधित पहल प्रमुख रूप से शामिल थीं।
इस संवाद कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं ने अपनी आकांक्षाओं को भी खुले रूप से साझा किया। उन्होंने सरकार से अपेक्षा जताई कि आगे भी इसी तरह की योजनाएं चलाकर महिलाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जाए।
ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रायोजित इस कार्यक्रम ने न केवल महिलाओं को जानकारी दी, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास से भर दिया। पंचायत स्तर पर हुए इस आयोजन में जीविका की दीदियों की भागीदारी और उनकी जागरूकता ने यह सिद्ध कर दिया कि ग्रामीण महिलाएं अब किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।