ईद एवम रामनवमी पर्व को लेकर हुई शांति समिति की बैठक!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: माँझी थाना परिसर में शुक्रवार को ईद एवम रामनवमी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। सहायक पुलिस अधीक्षक सह थानाध्यक्ष संकेत कुमार, बीडीओ रंजीत कुमार सिंह तथा सीओ सौरभ अभिषेक की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में अन्य लोगों के साथ साथ बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया। सहायक पुलिस अधीक्षक सह थानाध्यक्ष संकेत कुमार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि ईद और रामनवमी सामाजिक समरसता तथा भाईचारे का संदेश देता है। आप सभी क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर नजर बनाए रखें और कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है तो तत्काल उसकी जानकारी पुलिस प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि दोनों हीं पर्व भाईचारे और शांति सद्भाव का पर्व है। इसे शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना हम सबों का नैतिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि अफवाहों पर ध्यान नहीं देंगे। असामाजिक तत्वों द्वारा फैलाई जाने वाली अफवाहों की सूचना मिले तो अविलंब पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध पहले से ही है। किसी भी प्रकार का अश्लील भोजपुरी गीत नहीं बजाये जाएंगे। किसी भी प्रकार क़े व्हाट्सप्प मेसेज की पुष्टि क़े बाद ही फारवर्ड करेंगे।
उन्होंने बताया कि रामनवमी जुलूस के लिए प्रशासन से अनुज्ञप्ति प्राप्त करना होगा। अनुज्ञप्ति में चिन्हित मार्ग होकर ही जुलूस निकाला जायेगा। जुलूस में घातक अस्त्र- शस्त्रों के प्रदर्शन पर रोक रहेगी। सोशल मीडिया पर पैनी निगाह रखी जा रही है।
इस मौके पर पुअनि अमित कुमार राम,नसीम खान, शैलेश्वर मिश्रा, उमाशंकर ओझा, भाजपा नेता नागेंद्र ठाकुर, प्यारे अंगद, सूर्यबली यादव, अमरनाथ तिवारी, अख्तर अली, हसनुदीन खान तथा मंजूर खान के अलावा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे।