कृषि मेला सह यशस्वी किसान सम्मान महोत्सव का हुआ शुभारंभ!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण के कृषि विज्ञान केंद्र, मांझी में दैनिक जागरण एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय (27-28 फरवरी को) कृषि मेला सह यशस्वी किसान सम्मान महोत्सव का शुभारंभ हुआ। जिला कृषि पदाधिकारी एसबी सिंह के साथ मांझी बीडीओ ने दीप प्रज्वलित कर किसान मेले का विधिवत् उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार के विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर किसान उन्नत कृषि कर सकते हैं। कहा कि सरसो की खेती कम लागत में अधिक मुनाफा वाला है। यह गेहूं से अधिक मुनाफा वाला है। वक्ताओं ने कहा कि देश के अन्नदाता किसान हैं। इनके सम्मान के साथ ही सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने को लेकर दैनिक जागरण यह कृषि मेला का आयोजन किया है। दैनिक जागरण का यह पहल बहुत ही सराहनीय है।
अन्नदाताओं के विकास के लिए दैनिक जागरण ने जो मेला का आयोजन किया है। यह किसानों के हित में है।कृषि विज्ञान केंद्र, मांझी सारण के उद्यान विशेषज्ञ डा जितेंद्र चंदोला ने वैज्ञानिक विधि से फलों के नए बाग कैसे लगाएं। इसके बारे में किसानों को विस्तार से जानकारी दी। उन्हें बताया कि पौधे कहां से खरीदे, कब लगाए एवं प्राकृतिक खेती के बारे में किसानों को जानकारी दी।
किसानों को सरकारी योजनाओं की मिली जानकारी:
इस कृषि मेले में कृषि विभाग, पशुपालन, अल्पसंख्यक, खाद्य एवं आपूर्ति, महिला बाल विकास निगम, जीविका एवं राजस्व एवं भूमि सुधार के कर्मियों में अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी किसानों को दी। उन्हें बताया गया कि कि इसका लाभ किस तरह से ले सकते हैं। योजनाओं के लाभ के लिए आनलाइन आवेदन कैसे किया जाता है, इसके बारे में किसानों को विस्तार से जानकारी दी गई। पशुपालन विभाग के पदाधिकारी ने किसानों एवं पशुपालकों को पशुपालन विभाग से मिलने वाली विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। पशुओं को समय-समय पर दिये जाने वाले निशुल्क टीकाकरण अभियान के बारे में भी बताया गया।
कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को उन्नति खेती एवं उन्नति बीज के बारे में जानकारी दी गई। किसानों को जैविक खेती करने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे कम लागत में अधिक पैदावार हो सके। मत्स्य विभाग के अधिकारियों द्वारा मत्स्य पालन एवं गव्य विकास विभाग के अधिकारियों द्वारा गाय पालन एवं दुग्ध से संबंधित किसानों को जानकारी दी गई।इसके अलावा मिट्टी सुधार, पशुपालन, किसान सम्मान, जैविक सब्जी, सहकारिता, कृषि यंत्रीकरण, श्रम शक्ति योजना, बीज गुणवत्ता, मत्स्य पालन एवं भूमि सर्वे की जानकारी मिली।
विभिन्न विभागों द्वारा लगाया गया था स्टाल
इस कृषि मेले में कृषि विभाग, पशुपालन, अल्पसंख्यक, खाद्य एवं आपूर्ति, महिला बाल विकास निगम, जीविका एवं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने अपने-अपने स्टाल लगाए थे। यहां मौजूद पदाधिकारी अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी किसानों को दिये। किसानों को अनुदानित मूल्य पर कृषि उपकरण, खाद एवं बीज मुहैया कराया गया।
यशस्वी किसान को किया जाएगा सम्मानित:
दो दिवसीय कृषि मेला व यशस्वी किसान सम्मान महोत्सव में किसानों को अन्नश्री (मोटे अनाज), औद्यानिकी व औषधि पौधों की खेती, दलहन व तिलहन की खेती व तकनीक, मृदा जांच के बारे जानकारी दी गई। इसके साथ ही गन्ना, मशरूम और जैविक खेती के बारे में भी लोगों को बताया गया। कार्यक्रम के दौरान कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा। दो दिवसीय कृषि मेला सह यशस्वी किसान सम्मान महोत्सव का समापन 28 फरवरी की शाम में किया जाएगा। इस मौके पर कृषि विज्ञान केंद्र मांझी से वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डा. संजय कुमार राय, डा. विजय कुमार, रामा रंजन, रवि रंजन, उमाशंकर एवं अवनीश पांडेय, जिला पशुपालन पदाधिकारी डा. ओबेदुल्ला, प्रखंड पदाधिकारी मांझी, सहायक निर्देशक उद्यान विज्ञान, सहायक निर्देशक पादप संरक्षण,सहायक निर्देशक कृषि आभियांत्रिकी, सहायक निर्देशक मृदा रसायन आदि उपस्थित थे।