ज्ञान के प्रकाश से मानव के विचारों के ऊपर आच्छादित मलीनता, भक्ति रूपी चक्षु से स्वच्छ व पारदर्शी बन जाती हैं!- साध्वी पंछी देवी
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: मानव के जीवन में उसके विचारों पर आवरण की तरह आच्छादित मलीनता को दूर करने के लिए गुरु से हासिल ज्ञान का प्रकाश तथा ईश्वर भक्ति की निरंतरता आवश्यक है। जैसे जल के ऊपर फैला काई थोड़े से परिश्रम करके हटा दिए जाने के बाद उसके अंदर छुपा निर्मल जल प्राप्त हो जाता है ठीक उसी प्रकार ज्ञान के प्रकाश से मानव के विचारों के ऊपर आच्छादित मलीनता, भक्ति रूपी चक्षु से स्वच्छ व पारदर्शी बन जाती हैं। यह बातें गोबरही स्थित शिव शक्ति धाम परिसर में आयोजित श्री रुद्र महायज्ञ में सोमवार को अपने प्रवचन के दौरान उत्तर प्रदेश के हरदोई से पधारीं साध्वी प्रज्ञा भारती उर्फ पँछी देवी ने कहीं।
उन्होंने महाभारत युद्ध के पश्चात धर्मराज युधिष्ठिर द्वारा आयोजित यज्ञ में पहुँचे एक नेवले द्वारा सात दिन से भूखे ब्राम्हण परिवार द्वारा की गई अतिथि सेवा की चर्चा करते हुए कहा कि कलियुग में भगवत नाम स्मरण तथा दरिद्र नारायण की सेवा के माध्यम से ही मानव मोक्ष प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि नव निर्मित शिव मंदिर में स्थापित भगवान शंकर तथा माता पार्वती का जो भी ब्यक्ति पूरे एक वर्ष तक अनवरत दर्शन पूजन करेगा उसके जीवन से सदा के लिए दरिद्रता मिट जायेंगी। साध्वी पँछी देवी ने गोबरहीं निवासी विजय सिंह,अजय सिंह तथा पूर्व मुखिया देवेन्द्र सिंह के संयोजकत्व में शिव शक्ति धाम में निर्मित भब्य व आकर्षक शिव पार्वती मंदिर में अगले वर्ष से विशाल संत समागम आयोजित करने की आयोजकों को सलाह दी। इससे पहले पंडित संजय त्रिपाठी ने शिव पुराण का नियमित सस्वर पाठ किया। रात्रि में वृंदावन से पधारीं रासलीला मंडली की टीम ने आकर्षक कृष्ण लीला का जीवंत मंचन किया। समारोह में मौजूद प्रवाचक अजय गुप्ता ने साध्वी पँछी देवी के जीवन से जुड़ीं अनेक घटनाओं तथा कथानकों की चर्चा की। प्रवचन कार्यक्रम का संचालन मनोज कुमार सिंह (पत्रकार) ने किया। प्रवचन कार्यक्रम में प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ राजीव रंजन, पूर्व जिला पार्षद धर्मेन्द्र सिंह समाज, भरत सिंह सरपँच, राम नारायण सिंह, जदयू नेता सुनील सिंह, मनोज सिंह, अवधेश सिंह तथा विक्की सिंह आदि सैकड़ों महिला व पुरुष श्रद्धालु उपस्थित थे।
सोमवार व मंगलवार को यज्ञ मण्डप की परिक्रमा के लिए दिन भर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शिव पार्वती के नगर भ्रमण में भी सैकड़ों लोग सम्मिलित हुए। यज्ञ के मद्देनजर मन्दिर के समीप लगे मेले में पूरे दिन हजारों लोगों ने भ्रमण किया तथा झूले व चरखी का लुफ्त उठाने के साथ साथ जलेबी व चाट समोसे का भरपूर आनंद उठाया। प्रसाद वितरण के दौरान मन्दिर परिसर के मुख्य द्वार पर लोगों की भारी भीड़ देखी गई।