सारण की बेटी डॉ प्रियंका: गोल्ड मेडल के साथ रूस से एमबीबीएस, MCI की स्क्रीनिंग में बनी टॉपर!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: कड़ी मेहनत और संघर्ष से सफलता की नई मिसाल बनी हैं, सारण जिले के नगर पंचायत एकमा बाजार के राजापुर गांव निवासी अवधेश कुमार सिंह व सीमा देवी की बेटी डॉ. प्रियंका सिंह! रूस से एमबीबीएस की डिग्री गोल्ड मेडल के साथ हासिल करने के बाद अब उन्होंने भारत में भी एमसीआई स्क्रीनिंग टेस्ट पास कर लिया है, और शानदार अंकों के साथ टॉप किया है।
प्रियंका की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा सारण जिला गर्व महसूस कर रहा है। जन्मदिन के मौके पर उन्हें बधाइयों का तांता लगा रहा।
इस उपलब्धि पर उनके पिता अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि हमने अपनी बेटी को पढ़ाने के लिए बहुत संघर्ष किया, और आज जब वो डॉक्टर बन गई है, तो हम बेहद खुश हैं। प्रियंका का सपना पूरा होते देखना हमारे लिए गर्व की बात है। उसने बहुत मेहनत की, और आज वो देश के लिए एक मिसाल बन गई है।
शिक्षा दीक्षा
प्रियंका ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजस्थान के भिवाड़ी में पूरी की। 10वीं में 9 CGPA और 12वीं में 93% अंक प्राप्त करने के बाद उन्होंने रूस की स्टॉवरोपोल स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया। छह साल की कड़ी मेहनत के बाद उन्होंने गोल्ड मेडल के साथ एमबीबीएस की डिग्री हासिल की। इतना ही नहीं, प्रियंका ने भारत आकर मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (MCI) स्क्रीनिंग टेस्ट भी बेहतरीन अंकों से पास किया और टॉपर्स की लिस्ट में शामिल हुई।
प्रियंका के जन्मदिन के मौके पर उनके घर पर जश्न का माहौल रहा। परिवार, रिश्तेदार और शुभचिंतक उन्हें बधाइयां देने पहुंचे। केक काटा गया, मिठाइयां बांटी गईं, और सबने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रियंका सिंह की यह सफलता बेटियों के लिए एक प्रेरणा है। उन्होंने साबित कर दिया कि अगर संकल्प और मेहनत हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।