बढ़ी ठंड, प्रशासन ने की अलाव की व्यवस्था, अलाव से वृद्ध महिला झुलसी!
सारण (बिहार): सिसवन में ठंड को लेकर जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पछुआ हवा चलने से ठंड धीरे-धीरे परवान चढ़ रहा है। दिनभर लोगों को ठिठुरन महसूस हो रही है। वातावरण में भी फॉग जैसी स्थिति बनी हुई है। न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। दिन चढ़ने के साथ साथ सूर्य के दर्शन तो हो रहे हैं, लेकिन हवा चलने से सूर्य का ताप बेअसर हो जा रहा है। शाम होते सड़क पर चहल पहल कम हो गयी। जरूरी काम से ही लोग निकल रहे हैं। देर शाम ठंड से बचाव को लेकर घर में लोग रहना पसंद कर रहे हैं।
सिसवन प्रशासन की ओर से रविवार को प्रखंड के अलग अलग जगहों पर अलाव की व्यवस्था की गई। ठंड़ में अलाव की व्यवस्था से लोगों को राहत मिल रही है। इस संबंध में सिसवन अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने जानकारी दी।
वहीं सिसवन थाना क्षेत्र के साईपुर गांव में रविवार को अलाव ताप रही एक वृद्ध महिला आग से झुलस कर जख्मी हो गई। महिला स्थानीय निवासी शिवसागर दुबे की पत्नी शिव कुमारी देवी है। घायल महिला का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया।