श्री विष्णु महायज्ञ: रामलीला में राम जन्मोत्सव पर उमड़ी भीड़!
सारण (बिहार) संवाददाता संजय पांडेय: माँझी प्रखंड के अलियासपुर गांव स्थित बलराम मंदिर परिसर में चल रहे सात दिवसीय श्री विष्णु महायज्ञ के दौरान रामलीला का भी मंचन किया जा रहा है, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट रही है। रविवार की शाम को दरभंगा से आए रामलीला मंडली के कलाकारों द्वारा राम जन्मोत्सव का मंचन किया गया। रामजन्म का दृश्य देख दर्शक भावविभोर हो उठे।
रामलीला में दिखाया गया कि अयोध्या के महाराज राजा दशरथ की तीन रानियां थी। राजा दशरथ के तीनों रानियों को कोई पुत्र नही था। तब राजा दशरथ श्रृंगी ऋषि के पास पहुंचे और अपने मन की व्यथा सुनाई। तब ऋषि ने एक फल दिया और तीनों रानियों को खिलाने को कहा। फल सेवन के बाद रानी कौशल्या ने श्रीराम, रानी सुमित्रा ने लक्ष्मण और शत्रुघ्न व रानी कैकयी ने भरत को जन्म दिया। उनके जन्म पर अयोध्या में मंगल गीत गाए गए तथा पूरे प्रदेश में उत्सव मनाया गया। रामजन्म होते ही दर्शकों ने फूलों की बारिश की तथा पूरा पंडाल राम के जयकारा से गूंज उठा। यह दृश्य देख सभी लोग मंत्रमुग्ध हो गए। राम लीला के दौरान प्रभु श्रीराम समेत चारों भाइयों के बाल्यावस्था तथा युवा अवस्था का संजीव मंचन किया गया। इस दौरान कलाकारों द्वारा बीच-बीच में गीत व नृत्य से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया गया। महायज्ञ में शामिल होने व रामलीला देखने के लिए आस-पास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला- पुरुष व बच्चे पहुंच रहे हैं।