अब नहीं रहे मुखिया अशोक सिंह, हार्ट अटैक से निधन, क्षेत्र में शोक!
लगातार चार बार रहे थे मुखिया!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: माँझी प्रखंड के मदनसाठ पँचायत के पूर्व मुखिया अशोक सिंह का शुक्रवार की देर शाम हजारीबाग के एक होटल में हार्ट अटैक के बाद निधन हो गया।
स्व सिंह के साथ हजारीबाग के होटल में मौके पर मौजूद ताजपुर पँचायत के पूर्व मुखिया विजय सिंह ने बताया कि शुक्रवार की शाम को उन लोगों ने प्रसिद्ध रजरप्पा मन्दिर में दर्शन पूजन किया तथा वापस में होटल में पहुँचकर खाना खाया। सोते समय अचानक उनके सीने में दर्द शुरू हुआ और अस्पताल पहुँचने के पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पूर्व मुखिया के निधन की खबर पाकर गाँव में कोहराम मच गया तथा परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया।
परिजनों ने बताया कि स्व सिंह के साथ ताजपुर पँचायत के पूर्व मुखिया विजय सिंह तथा दो अन्य लोग भी महाराजगंज के पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह से जेल में मुलाकात करने के उद्देश्य से हजारीबाग गए थे। बताते चलें कि स्व सिंह वर्ष 2001 से 2021 तक लगातार चार बार मदन साठ पँचायत से मुखिया चुने गए थे। हालाँकि पिछली बार के पँचायत चुनाव में वे मुखिया के बजाय जिला परिषद का चुनाव लड़े जिसमें पराजित हो गए।
शनिवार की सुबह माँझी श्मसान घाट पर उनका दाह संस्कार सम्पन्न हो गया। मुखाग्नि उनके ज्येष्ठ पुत्र गुड्डू सिंह ने दी। मौके पर पूर्व मंत्री गौतम सिंह, छपरा के पूर्व विधायक रणधीर सिंह, राणा प्रताप उर्फ डब्ल्यू सिंह, जन सुराज के नेता उदय शंकर सिंह, भाजपा नेता मकेश्वर सिंह, त्रिलोकी नाथ सिंह, गौरव किशन, पूर्व उप प्रमुख रामकृष्ण सिंह, शिक्षक नेता दिनेश सिंह, मुखिया राम बहादुर सिंह, राजेश पाण्डेय,जेपी पाण्डेय, निरंजन सिंह तथा बीडीओ रंजीत सिंह समेत सैकड़ों ग्रामीण आदि मौजूद थे।