पैक्स चुनाव: प्रत्याशियों ने किया चुनाव प्रचार तेज! सभी कर रहे है जीत का दावा!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: आगामी एक दिसम्बर को माँझी में होने वाले पैक्स चुनाव को लेकर प्रत्याशियों ने अपनी जीत सुनिश्चित कराने के लिए दिन रात एक कर दिया है। प्रत्याशियों ने मतदाताओं को अलग अलग तरीकों से लुभाना भी शुरू कर दिया है। पैक्स में शामिल सदस्यों की आजकल पूछ काफी बढ़ गई है। बावजूद इसके मतदाता पूरी तरह मौन हैं।
माँझी के ताजपुर पैक्स पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं चूँकि उक्त पँचायत के एक दूसरे के धुर विरोधी दो पूर्व मुखिया आमने सामने चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। बताते चलें कि यहाँ निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार सिंह का मुकाबला पूर्व मुखिया विजय सिंह से होगा। पँचायत के वर्तमान मुखिया मनीष कुमार सिंह का पूरा पूरा समर्थन विजय सिंह को मिल रहा है। इसलिए यहाँ का चुनाव बेहद रोमांचक हो गया है।
बातचीत के क्रम में पूर्व मुखिया विजय सिंह ने बताया कि पैक्स चुनाव के बहाने पँचायत से दबंगई का खात्मा उनका मुख्य चुनावी मुद्दा है। उनका कहना है कि ताजपुर पैक्स के सदस्यों को वर्तमान अध्यक्ष के कार्यकाल में कुछ भी हासिल नही हुआ। सदस्यों को उनका वाजिब हक दिलाने के लिए उन्होंने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। उधर मुबारकपुर पैक्स से निवर्तमान अध्यक्ष मोहन सिंह ने बताया कि विरोधियों ने उनका निर्विरोध निर्वाचन रोकने के लिए एक डमी उम्मीदवार को खड़ा करा दिया जिनका पैक्स से कोई लेना देना नही है। उन्होंने दावा किया है कि किसानों की सेवा के बदौलत वे चौथी बार रिकार्ड मतों से चुनाव जीतेंगे। बुधवार को समर्थकों सँग जनसम्पर्क अभियान पर निकले भलुआ बुजुर्ग पँचायत के मुखिया सह निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्होंने पँचायत के जनता की जो सेवा की है उसका प्रतिफल है कि मतदाता उन्हें हर बार अपना कीमती मत के साथ साथ भरपूर सम्मान भी देते हैं। गोबरही पँचायत के निवर्तमान अध्यक्ष दिलीप सिंह ने बताया कि उनके विरोध में चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों को मतदाता भाव नही दे रहे हैं तथा उन्हें मतदाताओं का पूर्ववत समर्थन मिल रहा है।