जमीनी विवाद में मारपीट के पश्चात एक महिला की मौत, मचा कोहराम!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: माँझी थाना क्षेत्र के गुर्दाहाँ कला गाँव में दस दिनों पूर्व दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान राम दहिन महतो की पत्नी ऊमरावती देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गई थी। बुधवार को इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मंच गया।
मालूम हो कि 17 नवंबर की सुबह मांझी थाना क्षेत्र के गुर्दाहाँ कला गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच आपस में जमकर मारपीट हो गई थी। जिसमें दोनों पक्ष के कुल आठ लोग जख्मी हो गए थे। एक पक्ष के ऊमरावती देवी सहित दो लोगों गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। छपरा सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिन्ताजनक हालत में उसे पटना रेफर कर दिया गया था, जिसमें ऊमरावती देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक गुर्दाहाँ कला निवासी रामदहीन महतो एवं केदार महतो के बीच पहले से जमीनी विवाद चला आ रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहा सुनी होने लगी। विवाद बढ़ते गया और हाथापाई शुरू हो गई। बाद में देखते ही देखते दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए और जमकर लाठी डंडे ईंट पत्थर चलने लगे। जिसमें दोनों पक्ष के महिला एवं पुरुष कुल आठ लोग जख्मी हो गए। बाद में सभी घायलों को ग्रामीणों के सहयोग से माँझी सीएचसी में लाया गया। जिनका उपचार किया गया वहीं दो लोगों की स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए छपरा रेफर कर दिया गया। फिर हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने पटना रेफर कर दिया था।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच भूमि विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। जिसमें एक पक्ष के द्वारा थाने में लिखित आवेदन दिया गया है। जबकि इसी मामले में मृतका के पुत्र सूरज कुमार महतों ने दूसरे पक्ष के केदार महतों सहित छह लोगों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि मृतका महिला के शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।