श्री शिव महापुराण महायज्ञ को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा सह शोभायात्रा!
सारण (बिहार) संवाददाता संजय पाण्डेय: माँझी प्रखंड के जैतपुर तिवारी टोला गांव में सात दिवसीय श्री शिव महापुराण महायज्ञ को लेकर शनिवार को भव्य कलश यात्रा सह शोभायात्रा निकाली गई जिसमें सैकड़ो की संख्या में रंग-बिरंगे परिधान में श्रद्धालु शामिल हुए। यज्ञ स्थल से गाजे-बाजे के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला- पुरुष युवक-युवतियां व बच्चे हर्षपुरा, बंगरा आदि गांव होते हुए पावन सरयू नदी के प्रसिद्ध रामघाट पर पहुचें, जहां यज्ञाचार्य रजनीश उपाध्याय एवं आचार्य बिजेंद्र पाण्डेय के सानिध्य में पूर्ण विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु कलश में जलभरी कर पुनः यज्ञ स्थल के लिए रवाना हुए। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा मार्ग एवं आसपास का वातावरण गूंज उठा।
उसके बाद कलश को यज्ञ स्थल पर स्थापित कर आचार्य व विद्वान पंडितों द्वारा विधिवत श्री शिव महापुराण महायज्ञ की शुरुआत की गई। आयोजको ने बताया कि पूरे सातों दिन तक धार्मिक अनुष्ठान के बीच दोपहर में राष्ट्रीय कथा वाचक भगवान भूषण हृदया नारायण जी के मुखारविंद से कथा वाचन किया जाएगा। 26 अक्टूबर को हवन, आरती एवं विशाल भंडारा के साथ महायज्ञ की पूर्णाहुति होगी।