पैक्स चुनाव: दावा आपत्ति 22 अक्टूबर तक, चुनाव 27 नवंबर को! सरगर्मी हुई तेज!
सारण (बिहार) संवाददाता संजीव शर्मा: आगामी 27 नवंबर को होने वाले पैक्स चुनाव को लेकर माँझी प्रखंड क्षेत्र की 20 पंचायतों में चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है। वही चुनाव को लेकर प्रखंड मुख्यालय परिसर में पिछले पाँच दिनों से अधिकृत काउंटर पर दावा आपत्ति का कार्य बदस्तूर जारी है। मतदाता सूची में दावा आपत्ति का कार्य 22 अक्टूबर तक चलेगा।
शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय परिसर में दावा आपत्ति दाखिल करने के लिये विभिन्न पंचायतों से पहुँचे दर्जनों सदस्त पद से हटाए गए आक्रोशितों की भीड़ देखी गई। पूछने पर कई लोगो ने बताया कि वर्तमान पैक्स अध्यक्ष द्वारा मनमाने ढंग से उनका नाम काट कर हटा दिया हैं, जबकि विगत वर्ष 2019 में उनका नाम बतौर सदस्य मतदाता सूची में अंकित था। नाराज किसानों ने आरोप लगाया कि वर्तमान पैक्स अध्यक्ष ज्यादातर अपने चहेते लोगों का नाम पैक्स मतदाता सूची में अंकित कर दिए है तथा जिन लोगों का मतदाता सूची में सदस्य अथवा जो पैक्स अध्यक्ष रह चुके हैं, उन्हें भी सह सदस्य बना दिया गया है।
प्रखंड मुख्यालय पर पहुँचे लोगों ने बताया कि हम लोग प्रखंड मुख्यालय से 15 बीस किमी दूर से चल कर दावा आपत्ति के लिए प्रखंड मुख्यालय आये हैं। उन्होंने कहा कि अगर वर्तमान पैक्स अध्यक्ष पिछली मतदाता सूची को ज्यो का त्यों रहने देते तो मुख्यालय पर आने की जरूरत नहीं पड़ती। दावा आपत्ति करने पहुँचे लोगों में घोरहट पँचायत के मुखिया प्रतिनिधि शैलेश्वर मिश्रा, उदय शंकर सिंह, ताजपुर पँचायत के पूर्व मुखिया विजय सिंह, भलुआ बुजुर्ग पँचायत के पूर्व मुखिया परमात्मा सिंह तथा विजय यादव एवम चेंफुल पँचायत के संत कुमार सिंह समेत दर्जनों लोग शामिल थे। मालूम हो कि संशोधन का कार्य 22 अक्टूबर तथा संशोधित मतदाता सूची का प्रकाशन 25 अक्टूबर को किया जाएगा।