विधायक डॉ सत्येंद्र यादव ने किया पीएचसी का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं पर दिखाई नाराजगी!
सारण (बिहार) संवाददाता सोहेल अहमद: माकपा विधायक डॉ सत्येंद्र यादव ने बुधवार को मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक ने अस्पताल में एक भी महिला डॉक्टर नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की और तुरंत सारण सीएस को फोन लगा कर नियुक्ति के सम्बंध में बात की। उन्होंने काउंटर, दवा की उपलब्धता, लेबर रूम, सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया एवं अस्पताल में भर्ती कई मरीजों से भी बातचीत की। उसके बाद विधायक डॉ यादव ने अस्पताल की व्यवस्था को और दुरुस्त करने के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार को कई आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि अगर अस्पताल में सही उपचार मिल जाय तो लोगों को फर्जी डॉक्टरों के पास जाने की जरूरत नही पड़ेगी। उन्होंने कहा की आबादी के अनुसार सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों की संख्या बहुत कम है। मेडिकल कॉलेज कम होने व पढ़ाई महंगी होने के कारण आर्थिक रूप से कमजोर लोग डॉक्टर बनने से वंचित रह जाते हैं। सरकार कॉरपोरेट घराने को ज्यादा सपोर्ट करती है। बिहार में मेडिकल कालेज की संख्या और बढ़ाने की जरूरत है। निरीक्षण के दौरान मौके पर स्वास्थ्य कर्मी समेत कई अन्य लोग मौजूद थे।