पूर्व राज्य मंत्री प्रो रवीन्द्र नाथ मिश्रा के पालतू हाथी भोला की मौत! सबकी आंखें हुई नम!
सारण (बिहार): बिहार सरकार के पूर्व ग्रामीण विकास राज्यमंत्री प्रो रवीन्द्र नाथ मिश्रा के भोला नामक पालतू हाथी की गुरुवार की देर शाम मौत हो गई।
इस संबंध में घोरहट पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि शैलेश्वर मिश्रा ने बताया कि लगभग 30 वर्षों की लंबी अवधि में परिवार का सदस्य बन चुका भोला नामक हाथी की मौत से परिवार के साथ साथ गांव-जवार के लोग भी मर्माहत हैं। लगभग 70 वर्ष की आयु वाले भोला नामक हाथी को पूर्व मंत्री के पिताजी स्व शिवजी मिश्रा वर्ष 1994 में खरीदकर लाये थे। तब से वह उनके परिवार में घुलमिल-सा गया था। गुरुवार को अचानक बीमार होकर हाथी गिर पड़ा। इसके बाद महज तीन घंटे बाद उसकी मौत हो गई। हालांकि उक्त अवधि में उसके इलाज का भरपूर प्रयास किया गया। परंतु कोई लाभ नहीं हुआ। आसपास के दर्जनों गांवों के बीच इकलौता हाथी उपलब्ध रहने के कारण लोग अपने मांगलिक व अन्य शोभा बढ़ाने वाले समारोहों में उसे शान के साथ आमंत्रित कर खुद को गौरवांवित महसूस करते थे।
बताया जाता है कि मृतक भोला नामक हाथी कई बार पगलाने के कारण भी अक्सर सुर्खियों में रहता था।पूर्व मंत्री हाथी से सबसे अधिक प्यार करते थे। छपरा जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व मंत्री प्रो रवीन्द्र नाथ मिश्रा अपने भोला हाथी की मौत से बेहद दु:खी बताए जाते हैं।
वही भोला को देखने के लिए सैकड़ो लोगों की भीड़ लगी रही। उसके दुनिया छोड़ जाने का गम सबके आंखों में स्पष्ट दिखाई पड़ा। शुक्रवार की सुबह मृत हाथी के विशालकाय शरीर को पूर्व मंत्री के ही आवासीय परिसर में विधि विधान के साथ दफना दिया गया।