सड़क किनारे मिला अधेड़ का शव! शिनाख्त में जुटी पुलिस!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज सिंह: माँझी नगर पंचायत क्षेत्र के सुघर छपरा प्राथमिक विद्यालय के समीप सड़क किनारे से गुरुवार को एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति के शव को माँझी थाना पुलिस ने बरामद किया हैं। मृतक के कमर में सिर्फ एक गमछा लिपटा हुआ था। बदन पर अन्य कोई कपड़ा नहीं था। मिली जानकारी के अनुसार प्राथमिक विद्यालय के समीप माँझी कोपा सड़क से उत्तर एक पेड़ के पास पड़े शव को पहले राहगीरों ने देखा तथा आसपास के लोगो की इसकी जानकारी दी। शव के पड़े होने की सूचना मिलने के बाद वहाँ बड़ी संख्या में आसपास के लोग जमा हो गए। बाद में लोगो ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया।
इस संबंध में कुछ लोगो ने बताया कि कुछ ही देर पहले मृतक को अर्द्धनग्न अवस्था में माड़ीपुर की ओर से बदहवास हालत में आते देखा गया था। मौजूद लोगों ने हीटवेव के कारण इसकी मौत की आशंका व्यक्त की है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नही हो सकी थी तथा उसकी मौत की घटना अब तक रहस्यमय बनी हुई थी। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही उसकी मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल माँझी थाना पुलिस स्थानीय लोगों के साथ साथ सोशल मीडिया के सहारे शव की शिनाख्त में जुटी हुई थी।