दुखद: दहेज न मिलने पर आम लेकर गए भाई को बनाया बंधक, फिर बहन का दबाया गला!
कटिहार (बिहार) संवाददाता रूपेश मिश्रा: इंसानियत भी क्रूर हो जाती है। बड़ी दुखद बात यह है कि आज के आधुनिक समाज में भी समझ और शिक्षा का अभाव दिखता है।
कटिहार की एक ऐसी ही घटना दिल को दहला देने वाली है। दरअसल बहन के घर आम लेकर गए भाई को दहेज नहीं देने पर जीजा ने बंधक बना लिया। वहीं इसका विरोध करने पहुंची बहन की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
बहन के ससुराल आम लेकर गया भाई से 4 लाख रुपए दहेज जीजा ने मांगा। साला ने कहा वह कहां से दहेज देगा। इस पर जीजा आग बबूला हो गया और साला के साथ मारपीट करते हुए उसे घर में बंधक बना लिया। इसका विरोध करने पहुंची बहन को पहले मारा पीटा। इसके बाद नही मरी तो जहर भी पिलाने की कोशिश की। जब महिला ने जहर नहीं पिया तो गला दबा कर उसकी हत्या कर दी गई।
घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हथिया दियारा गांव की है। शुक्रवार की रात महिला की हत्या की गई थी। लेकिन शनिवार की रात 8 बजे महिला के मायके वालों को इस घटना की जानकारी मिली। मायके वाले मुफस्सिल पुलिस को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। जहां मृतिका के पति और ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बंधक बनाए गए भाई को पहले छुड़ाया और उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं परिजनों के फर्द बयान पर मामला दर्ज कर आगे अनुसंधान में जुट गई है। मृतिका की पहचान हथिया दियारा निवासी मो आलम की 32 वर्षीय पत्नी रेशमी खातून के रूप में हुई है।