पीछे का दरवाजा तोड़ कर भीषण चोरी, लाखो रुपए मूल्य के संपत्ति लेकर भागे चोर!
सारण (बिहार) संवाददाता संजय पाण्डेय: दाउदपुर थाना क्षेत्र के हर्षपुरा गांव में सोमवार की मध्य रात्रि रामनारायण सिंह के मकान में चोरो ने पीछे का दरवाजा तोड़ कर भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया और लाखो रुपए मूल्य के जेवरात व अन्य कीमती सामान लेकर भाग निकले। इस घटना की जानकारी सुबह में हुई तो परिजनों ने दाउदपुर पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। गृह स्वामी के भाई माधो सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार उनके बड़े भाई का एक नया मकान फुटानी चौक के नजदीक बना हुआ है। परिवार के कुछ सदस्य दिल्ली व धनबाद में रहते है। कुछ दिन पहले रामनारायण सिंह की तबीयत खराब होने के बाद से वे अपने बेटे व वधु के साथ बाहर हीं रहते हैं। माधो सिंह ने बताया कि मकान के बाहर बनी कोठरी में वे रात्रि में खाना खाकर सो गए थे। इस बीच चोर मकान के पीछे लगे एक लोहे व दो लकड़ी के दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए और बारी-बारी से तीन कमरों के दरवाजे का ताला तोड़कर उसमें रखी गोदरेज की अलमारी को तोड़कर भारी मात्रा में सोने व चांदी के आभूषण, कीमती वस्त्र व अन्य सामान की चोरी कर फरार हो गए। जिसकी अनुमानित कीमत लाखों में है। सुबह में एक लड़के ने मकान के पीछे का दरवाजा खुला देखा तो जानकारी दी। उसके बाद अंदर जाकर देखा गया तो दृश्य देख होश उड़ गए। कई अलमीरा टूटे थे और सामान बिखरे पड़े थे। उसके बाद फोन करके घटना की जानकारी बड़े भाई एवं स्थानीय पुलिस को दी गई। बड़े भाई परिवार संग बाहर से गांव आ रहे है। जिसके बाद वास्तव में कितने की संपति चोरी हुई उसका खुलासा होगा। बताया जा रहा है कि उनके सभी पुत्र बधु का आभूषण यहीं पर थे। जिसे चोर ले गए है। उनके आने के बाद स्थानीय थाना पुलिस को लिखित आवेदन दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से घटना की जांच पड़ताल कर रही है।