अब स्कूल चलेंगे 10 से 4 बजे तक! मुख्यमंत्री ने किया ऐलान!
/// जगत दर्शन न्यूज
पटना (बिहार): बिहार में विद्यालयों के समय सारणी को लेकर बाद अपडेट आया है। बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समय बदलाव में हामी भर दिया है। अब विद्यालय का समय 10 बजे से 4 बजे हो जाएगा। दरअसल आज मंगलवार को विधानसभा में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही स्कूलों की टाइमिंग को लेकर सवाल लगने लगे थे। इस दौरान विपक्ष के विधायकों ने शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव के पाठक के खिलाफ भी जमकर हंगामा किया और वेल में जा पहुंचे। इस दौरान स्कूलों की टाइमिंग से लेकर केके पाठक के फैसले तक पर सवाल उठने लगे।
इस बीच सीएम नीतीश कुमार ने स्कूलों की टाइमिंग को लेकर बड़ा ऐलान दिया। दरअसल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केके पाठक के आदेश पर कड़ी नाराजगी जताई, जिसके तहत सुबह 9:00 बजे से 5:00 बजे तक स्कूलों की टाइमिंग की गई थी। उन्होंने कहा कि सुबह 10:00 बजे से 4:00 तक की स्कूलों का संचालन होगा। हम भी स्कूल में पढ़ते थे। स्कूल में दस बजे से 4 बजे तक ही रहते थे। 9 से 5 बजे तक स्कूल का समय ठीक नहीं है। आज ही मैं इस विषय में अधिकारियों से बात करूंगा।
हालांकि ऐसा बताया जाता है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केके पाठक को पहले ही सुबह 10:00 से शाम 4:00 बजे तक ही स्कूलों का संचालन करने का आदेश दिया था, लेकिन इस आदेश की अनदेखी की गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि केके पाठक को आज ही बुलाकर बात करेंगे कि आख़िर क्यों नहीं मेरी बात मान रहे हैं। नीतीश कुमार ने कहा कि शिक्षकों की ड्यूटी टाइम को लेकर हमने पहले ही निर्देश दिया था। इस विषय पर हम आज ही अधिकारी से बात करेंगे। सुबह 9:00 से 5:00 बजे शाम तक की टाइमिंग ठीक नहीं है।
मालूम हो कि स्कूलों की टाइमिंग और केके पाठक के आदेश के बाद से बिहार के शिक्षक भी काफी नाराज थे और उनको ठंड के मौसम में भी 9 बजे सुबह से शाम 5 बजे तक स्कूलों में ड्यूटी करनी पड़ती थी।।नीतीश कुमार के इस ऐलान से निश्चित ही शिक्षकों को बड़ी राहत मिलेगी।