छपरा नगर निगम के मेयर पद का परिणाम घोषित!
लक्ष्मी नारायण गुप्ता 5457 मतों से विजयी!
छपरा (बिहार): छपरा नगर निगम के मेयर पद के उप चुनाव की मतगणना सुबह 8:00 बजे से जिला स्कूल परिसर में बनाए गए मतगणना केंद्र में प्रारंभ हुई। वोटों की काउंटिंग पूरी हो गई है। चूंकि मतगणना इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन से हो रही थी, इसलिए मतगणना में अधिक समय नहीं लगा। राजनीतिक गलियारे में ऊंची रसूख रखने वाले लोगों की नजर भी चुनावी नतीजों पर टिकी हुई थी। लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने भारी बहुमत (5457) से जीत दर्ज की है।
बता दें कि छपरा नगर निगम के मेयर पद के लिए 17 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे थे। 22जनवरी को 45 वार्डों के 196 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हुआ था। छपरा के जिला स्कूल में बने मतगणना केंद्र पर सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव मंगल स्वयं भी मौजूद थे। चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थी के अभिकर्ता के लिए मतगणना टेबल के पास स्थान निर्धारित कर दिया गया था, जहां से वे आसानी से मतगणना का अवलोकन कर रहे थे। मतगणना स्थल के आसपास धारा 144 लागू कर दी गई थी। मतगणना को लेकर कुल 24 टेबल निर्धारित किए गए थे। प्रत्येक टेबल पर कर्मी तैनात थे। सभी टेबल पर 14 चक्र की गणना हुई। मतगणना हेतु आयोग स्तर से ओसीआर हेतु वेब कैमरा लगाया था। मतगणना के संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही थी। वहीं मतगणना स्थल में प्रत्याशी अपने अभिकर्ता के साथ प्रवेश कराया गया। इसके अलावा किसी को भी भीतर आने की अनुमति नहीं थी।
प्रत्याशी का नाम और मिले मत:
लक्ष्मी नारायण गुप्ता-17456 (5457से जीते)
मिंटू सिंह -11999
मो.रफीक इकबाल -10976
सुनीता देवी-10797