छठ पर्व में ट्रेन से घर लौटते युवक की बोगी में दम घुटने से मौत! परिवार में पसरा मातम!
मृतक का फाइल फोटो
/// जगत दर्शन न्यूज़
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से छठ महापर्व में घर लौट रहे एक युवक की ट्रेन में दम घुटने से मुजफ्फरपुर में मौत हो गई। घटना बुधवार की शाम की है। इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन व बच्चों के रुदन सुन आस-पड़ोस के लोग सन्न रह गए। आनन- फानन में मृतक के पिता के साथ चार लोग मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हो गए। मृतक दाउदपुर थाना क्षेत्र के जैतपुर पंचायत अंतर्गत तिवारी टोला धानुक मुहल्ले निवासी शिवरतन महतो का तीसरा पुत्र 35 वर्षीय दिनेश महतो बताया जाता है। जो करीब आठ वर्षों से दुर्गापुर प्लास्टिक बोरे की एक कंपनी मे मजदूरी करता था। जिससे वह अपने गांव स्थित परिवार का भरण पोषण करता था। वहीं पिता खेती-बाड़ी व दैनिक मजदूरी से परिवार की देखभाल करते हैं।
छठ महापर्व की छुट्टी मिलते हीं दिनेश पश्चिम बंगाल से मंगलवार को काठगोदाम एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ घर के लिए रवाना हुआ। उक्त ट्रेन की बोगी में अत्यंत भीड़ थी। जिसके बीच दबने व दम घुटने से दिनेश महतो की मौत हो गई। बताया जाता है कि उसे दो बार घुटने के कारण बोगी में सवार यात्रियों ने पानी छिड़क के उसे संभालने का प्रयास किया। लेकिन दिनेश मुजफ्फरपुर आते- आते बोगी में ही दम तोड़ दिया। मृतक के पैकेट से मिले आधार कार्ड के साथ मोबाइल फोन से घटना की सूचना यात्रियों ने परिजनों को दी। ट्रेन के वेंडरों से मुजफ्फरपुर रेल पुलिस को जानकारी मिलते हीं शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
बच्चों की आस पर पानी फिर गया
छठ व दीपावली में पिता के आने की राह देख रहे बच्चों की आस पर पानी फिर गया। जब उनकी मौत की सूचना घर पहुची तो चीख- चीत्कार से घर- आंगन में मातम छा गया। शायद ईश्वर को यही मंजूर था। इधर पत्नी निरोजी देवी, दादी मूर्ति देवी, को दिनेश की मौत की खबर ने तोड़ दिया है। पत्नी निरोजी अपने तीन छोटे- छोटे बच्चे को समेटे भगवान को कोस रही थी। अब तो सबकुछ लूट गया। बेसहारा बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। अब त्योहार में कौन बच्चों को नए कपड़े और उनकी खुशियां देगा। पत्नी की दहाड़ से सभी आँखो से आंसू छलक रहे थे। पल भर में छठ की खुशियां गम में बदल गई। वहीं सूचना पाकर महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा यह घटना बेहद हृदयविदारक है। यथासंभव पीड़ित परिजनों की मदद की जाएगी । वही पंचायत के मुखियापति डीएन राम ने पीड़ित परिजनों का ढाढस बढ़ाया। समाचार प्रेषण तक मृतक का शव गांव नही पहुचा था।