भाजपा ने माँझी में चलाया महासंपर्क अभियान!
कार्यकर्ता हुए सम्मानित!
सारण (बिहार) केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर महासंपर्क अभियान के तहत मांझी प्रखंड के रामघाट हनुमान वाटिका मंदिर परिसर में भाजपा के द्वारा संयुक्त मोर्चा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश से पहुंचे राज्यसभा सांसद कांता कर्दम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के नौ साल के कार्यकाल की उपलब्धियां बेमिसाल रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने नौ वर्ष के कार्यकाल में समाज के हर वर्ग को उसका अधिकार और सम्मान प्रदान किया है। उन्होंने मांझी विधानसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं को सजग बताते हुए सराहना की। वहीं उन्होंने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां की सरकार मोदी जी के द्वारा दी गई योजनाओं को अपना बता रही है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की बात कही।
वहीं कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि मोदी जी के द्वारा नौ वर्षो में कराए गए विकास कार्यों के बारे में जनता को बताना होगा। हमने अपने क्षेत्र में जो भी काम किया है वह सब जनता के सामने है। उन्होंने बताया कि हमारे पास कहने के लिए सब कुछ है मगर दूसरे के पास कुछ भी नही। उन्होंने कहा कि जिस गठबंधन के नेता घोटालेबाजों के साथ मिल कर काम कर रहे हैं। वे ये नही जानते कि उनका अस्तित्व खतरे में है।