मुबारकपुर एक फिर थर्राया!
पूर्व मुखियापति हरेंद्र यादव को अपराधियों ने मारी गोली!
मौत के पश्चात पुलिस है एलर्ट!
/// जगत दर्शन न्यूज़
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज सिंह: एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे मुबारकपुर पंचायत के पूर्व मुखियापति हरेन्द्र यादव को शनिवार की देर शाम को बाइक सवार आधा दर्जन अपराध कर्मियों ने गोली मार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। बाद में एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में इलाज के क्रम में जख्मी मुखियापति ने दम तोड़ दिया।
अपराधकर्मियों ने मुखियापति के गांव मैनपुरवा से कुछ ही दूरी पर स्थित धोबी टोला के समीप इस लोमहर्षक घटना को अंजाम देकर आसानी से निकल गए। एक गोली उनके पेट में तथा दूसरी गोली उनकी पीठ में लगी थी। हालाँकि घटना के दौरान स्व यादव के साथ बाइक पर सवार उनके निकट सहयोगी बलिराम बीन इस घटना में सकुशल बच गए। अपराधियो ने सिर्फ मुखियापति को ही निशाना बनाया। आनन फानन में गांव के लोगों द्वारा उन्हें एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया, जहाँ इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई।
घटना की खबर पाकर उनके परिजनों में चीख पुकार मच गई। पोस्टमार्टम के बाद शव जब उनके घर मुबारकपुर के मैनपुरवा पहुँचा तो शुभचिंतकों व ग्रामीणों की भीड़ उमड़ जमा हो गई। मामले को गंभीरता को देखते हुए सारण जिला प्रशासन सक्रिय हो गया तथा मुबारकपुर के आसपास के इलाका को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। मौके पर मढ़ौरा एसडीपीओ नरेश पासवान के नेतृत्व में जिले की अधिकांश थानों की पुलिस के अलावा छपरा पुलिस लाइन से बुलाई बड़ी संख्या में पुलिस चप्पे चप्पे पर तैनात कर दिया गया है।
मृतक के दरवाजे पर पत्नी व पूर्व मुखिया निर्मला देवी तथा उनकी माता मतीझरी कुँअर व पुत्र शैलेन्द्र यादव सहित अन्य परिजनों व शुभचिंतकों के रुदन क्रंदन से माहौल पूरी तरह गमगीन बना हुआ है। समाचार लिखे जाने तक उक्त घटना से सम्बंधित प्राथमिकी दर्ज नही कराई गई थी।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सारण एसपी द्वारा सारण पुलिस मुख्यालय के उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन कर दिया गया है। गठित एसआईटी द्वारा घटना स्थल की जांच कर तथा अपराधियो की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल पर उमड़ी आक्रोशित भीड़ के मद्देनजर पुलिस फूंक फुँक कर कदम बढ़ा रही है।
मृतक की पत्नी निर्मला देवी 2006 से 2021 तक लगातार तीन बार मुखिया चुनी गई थी, जबकि विगत पंचायत चुनाव में विजय यादव की पत्नी आरती देवी ने निर्मला देवी को पराजित कर दिया था। पिछले दो फरवरी को वर्तमान मुखियापति विजय यादव के मुर्गी फार्म पर कथित रूप से बंधक बनाकर मारपीट की घटना को अंजाम देने के बाद दो युवकों की हुई मौत तथा लंबे अरसे तक हुए उपद्रव के बाद पंचायत के गांव के लोग सुकून महसूस कर रहे थे। इसी बीच पूर्व मुखियापति की हत्या ने एक बार फिर लोगों को उद्वेलित कर दिया। पिछली घटना के नामजद अभियुक्त विजय यादव सहित अन्य लोगों ने कुर्की जब्ती के बाद अभियुक्तों ने आत्मसमर्पण तो कर दिया लेकिन मुखिया आरती देवी अब भी फरार हैं।
शनिवार की रात हुई मुखियापति की हत्या के बाद जिले का पश्चिमी क्षेत्र एकबार फिर से अशांत हो गया है। मृतक को दो पुत्र व एक पुत्री हैं। बड़े बेटे की शादी हो चुकी है जबकि एक पुत्र व एक पुत्री अभी अविवाहित हैं।