अब नहीं रहे प्रो. हरेंद्र सिन्हा! हार्ट अटैक के पश्चात निधन! आर्थिक तंगी से थे परेशान!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी इंटर कॉलेज के पूर्व प्राचार्य तथा माँझी नगर पंचायत के सुघर छपरा गांव निवासी प्रो हरेन्द्र सिन्हा का शनिवार की देर शाम हार्ट अटैक के बाद इलाज के क्रम में निधन हो गया। वे 58 वर्ष के थे। आज रविवार को माँझी श्मसान घाट पर उनका दाह संस्कार सम्पन्न हो गया। मुखाग्नि उनके ज्येष्ठ पुत्र रजत गौरव ने दी।
उनके शव यात्रा में माँझी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि बिट्टू कुमार राय, प्रखण्ड राजद अध्यक्ष बिनय कुमार यादव, माँझी इंटर कॉलेज के पूर्व प्राचार्य रघुनाथ ओझा, प्रो पृथ्वीनाथ ओझा, प्रो अरविंद कुमार गिरी, प्रो सुनील सिंह, प्रो मीर आलम खान, अनिल वर्मा, रामाकांत प्रसाद, शशिभूषण सिंह तथा सुनील सिन्हा के अलावा कॉलेज के कर्मी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण आदि मौजूद थे।
सरकार कब तक सुध लेगी शिक्षकों का?
परिजनों के अनुसार स्व. सिन्हा आर्थिक तथा मानसिक रूप से बेहद परेशान थे। बताते चलें कि विगत आठ वर्षों से सरकार से मिलने वाली अनुदान राशि अद्यतन अब तक लंबित है! यही नही विगत 15 महीनों से शिक्षा विभाग के पदाधिकारीगण की उदासीनता के कारण महाविद्यालय रणभूमि बन कर रह गया है, जिसके कारण आंतरिक श्रोत से मिलने वाला मानदेय भुगतान भी नही हो पा रहा था।
प्राचार्य पद के विवाद में माँझी इंटर कॉलेज के कर्मियों के मानदेय का भुगतान दिसम्बर 2021 से ही बन्द था। मालूम हो कि प्राचार्य पद के विवाद में उन्हें नवंबर 2021 में अवैध तरीके से प्राचार्य पद से पदच्युत कर दिया गया था, जिस प्रकरण के निष्पादन हेतु निदेशक, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना के द्वारा दिनांक- 20/02/2023 को महाविद्यालय के अध्यक्ष पद पर राजेन्द्र काॅलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो डा० देवेन्द्र कुमार सिंह को पदासीन किया गया है और अध्यक्ष के द्वारा 15/03/2023 तक समुचित समाधान कर देने के लिए आश्वस्त कराया था।