हिसार में दूरदर्शन हरियाणा को बंद करना सरकार का गलत कदम - दीपेंद्र सिंह हुड्डा
रिपोर्ट: राजीव झा
हिसार (हरियाणा): केंद्र सरकार द्वारा दूरदर्शन केंद्र हिसार को बंद कर चंडीगढ़ स्थानांतरित करने के विरोध में संयोजक नरेंद्र कौशिक धरती पकड़ दूरदर्शन बचाओ संघर्ष समिति द्वारा पिछले 30 दिन से दिए जा रहे धरने को समर्थन देने आज सांसद दीपेंद्र हुड्डा हिसार पहुंचे। धरने को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि हम तन मन धन से दूरदर्शन बचाओ संघर्ष समिति का साथ देंगे और दूरदर्शन हिसार को चंडीगढ़ स्थानांतरित करने का पुरजोर विरोध करेंगे।
उन्होंने कहा कि हम शुरू से इस मुद्दे का समर्थन कर रहे हैं और हमें उम्मीद थी कि सरकार इस मुद्दे में सार्थक कदम उठाएगी। लेकिन सरकार ने इस मामले में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि यह यह सरकार की बेशर्मी है कि इस सरकार में शामिल नुमाइंदों के पूर्वजों के नाम पर इस केंद्र को स्थापित किया गया था और वह नुमाइंदे चुपचाप इसे बंद होता देख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दूरदर्शन केंद्र हिसार किसान की जागृति और सांस्कृतिक मूल्यों के लिए प्रकाश स्तंभ की तरह है। दूरदर्शन केंद्र मजदूरों के हित में है, किसानों के हित में, हमारी संस्कृति के हित में हैं और पूरे हरियाणा के हित में हैं। इसे सुचारु रुप से चलाना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वे सरकार को चेतावनी देते हैं कि हरियाणा की संस्कृति और किसान की जागृति पर हुए इस प्रहार को कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा वे संसद के पटल पर में इस मुद्दे को उठाएंगे और सरकार से न्याय मांगेंगे कि इसमें हरियाणा का क्या कसूर है कि उसके केवल एक मात्र दूरदर्शन केंद्र को चंडीगढ़ स्थानांतरित कर दिया गया। सांसद ने कहा कि वे यह भी आश्वासन देते हैं कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में भी इस दूरदर्शन केंद्र को पुनः खोलने और इसे अपडेट करने की मांग को शामिल किया जाएगा।
इससे पूर्व धरने को किसान नेता सूबे सिंह सिंह बूरा, राजरानी मल्हान, डाक्टर अर्जुन राणा, कामिनी मलिक आदि ने भी संबोधित किया। आज के धरने में पूर्व मंत्री संपत सिंह, कांग्रेसी नेता अनिल मान, पूर्व विधायक प्रोफेसर राम भगत शर्मा, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, पूर्व विधायक नरेश सेलवाल, पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला, भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष दिलबाग हुड्डा, हवा सिंह हिन्दवान, रामवीर ढ़ाडा दलबीर किरमारा, सतबीर सिंह कमलेश मोर, कांता हुड्डा, नरेंद्र कौशिक राजेंद्र दुहन, ऋतु कौशिक, संजीव भोजराज सुरेश सिंधु, मंजू सिंधु, बलराम, वैभव शर्मा, समीक्षा जैन, शक्ति शर्मा, सुनीता, संतोष, दीपक, जोगेंद्र, कुलबीर दूहन, योगेन्द्र पाल बामल, इंदर सिंह मलिक आदि उपस्थित थे।