विद्यासागर जयंती संपन्न
उत्तरपाड़ा, हुगली : उत्तरपाड़ा यूनियन गर्ल्स हाई स्कूल (एच.एस.) की ओर से पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर की जयंती के उपलक्ष्य में एक 'आनलाइन वेब संगोष्ठी" का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि विद्यासागर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर संजय कुमार जायसवाल थे। वक्ता के रूप में मुख्य रूप से खुदीराम बोस सेंट्रल कॉलेज की प्राध्यापिका मधु सिंह, विद्यालय की प्रधानाचार्या शांता चक्रवर्ती, अनुजा सूत्रधर सहित अन्य शिक्षिकाएं भी मौजूद थी। "नवजागरण के अग्रदूत- विद्यासागर" पर व्याख्यान देते हुए डा0 जायसवाल ने कहा कि विद्यासागर ज्ञान के महासागर थे। उनके पास वैश्विक दृष्टि थी। उन्होने अपने समय की रुढ़िवादी स्त्री विषयक समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से देखा था जो वर्षो से चली आ रही थी। अत: इन समस्याओं के दूर करने के लिए उन्होंने स्त्री को शिक्षित करने के साथ साथ विधवा पुनर्विवाह की शुरुआत अपने घर से ही की। वे केवल एक ही विषय के ज्ञाता नहीं थे बल्कि शिक्षा, साहित्य, दर्शन आदि सभी के ज्ञाता थे।
वक्ता मधु सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यासागर ने जो कुछ भी सपना देखा था, उस पर हमे अमल करने और अग्रसर रहने की जरुरत है। जानकारी के अनुसार आनलाइन कार्यक्रम होने के बावजूद भी लगभग 150 छात्राओं ने हिस्सा लिया
कार्यक्रम का संचालन प्रकाश कुमार त्रिपाठी ने किया। अंत में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही शांता चक्रवर्ती ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित कर संगोष्ठी का समापन भी किया।