विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस-
मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बोलने से बदलेगी सोच, 10 से 16 अक्टूबर तक चलेगा जागरूकता अभियान:
मानसिक स्वास्थ्य को लेकर झिझक दूर करना पहला लक्ष्य: एनसीडीओ
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: मानसिक परेशानी को छिपाने के बजाय उसे समझना और जरूरत पड़ने पर मदद लेना ही स्वस्थ समाज की पहचान है। सिविल सर्जन डॉ राज कुमार चौधरी ने बताया कि इसी सोच को मजबूत करने के उद्देश्य से विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सारण जिले में 10 से 16 अक्टूबर तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम ‘Lived experiences heard: real voices, real change’ यानी ‘जीवंत अनुभवों को सुनें, वास्तविक आवाजें, वास्तविक बदलाव’ रखी गई है। इसके तहत मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े वास्तविक अनुभवों को सामने लाने, भ्रांतियों को दूर करने और लोगों को मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है।
मानसिक स्वास्थ्य को लेकर झिझक दूर करना लक्ष्य: एनसीडीओ
गैर- संचारी रोग पदाधिकारी (एनसीडीओ) डॉ भूपेंद्र कुमार ने बताया कि विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्यकर्मियों को अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिया गया हैं। इसका उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सामाजिक झिझक और भेदभाव को कम करना तथा जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध सेवाओं के प्रति जागरूक करना है। अभियान के दौरान लोगों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेने, प्रभावित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित परामर्श की सुविधा उपलब्ध: सीएचओ
दिघवारा प्रखंड अंतर्गत शीतलपुर डीह गांव स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आम) के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) विकास ने बताया कि अभियान के तहत लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है। मानसिक तनाव, चिंता और अन्य मानसिक परेशानियों को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर पहचानना और जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य कर्मियों से परामर्श लेना जरूरी है।स्वास्थ्य विभाग के 24x7 मानसिक स्वास्थ्य संबंधित परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आप किसी भी समय टोल- फ्री नंबर 14416 या 1800- 89- 14416 पर डायल कर मानसिक स्वास्थ्य संबंधित परामर्श ले सकते है। इसके अलावां नजदीक स्वास्थ्य केंद्रों पर परामर्श की सुविधा उपलब्ध है।

