सिसवन के सभी विद्यालयों में चला “एक पेड़ मां के नाम” अभियान, अधिकारियों से लेकर बच्चों तक ने किया पौधरोपण
हरेराम ब्रह्मचारी उच्च विद्यालय सिसवन, उच्च विद्यालय चैनपुर और बघौना में विशेष आयोजन, पौधों की देखभाल का लिया संकल्प
सिवान (बिहार): सीवान जिले के सिसवन प्रखंड अंतर्गत सभी विद्यालयों में “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। अभियान के तहत विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और प्रखंड के वरीय पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसी क्रम में हरेराम ब्रह्मचारी उच्च विद्यालय सिसवन और उच्च विद्यालय चैनपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार और अंचलाधिकारी उदयन सिंह ने पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर उपस्थित बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों, अतिथियों और पदाधिकारियों ने हरित क्रांति की शपथ ली। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया।
बघौना में लगाए गए दर्जनों फलदार पौधे
प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बघौना में प्रधानाध्यापक राजेश कुमार तथा राजकीय मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक नागेंद्र कुमार की अध्यक्षता में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दर्जनों फलदार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस मौके पर शिक्षक चंद्रदीप सिंह, गुड्डू ठाकुर, गोविंद रजक, शिक्षिका पल्लवी कुमारी, रंभा कुमारी, मदन कुमार पंडित, कुणाल तिवारी सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और आम लोगों को पेड़-पौधों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य पौधरोपण को जनभागीदारी से जोड़ना और लगाए गए पौधों की देखभाल के प्रति लोगों को जिम्मेदार बनाना रहा।

